छत्तीसगढ़रायपुर

रायपुर के स्कूल में बड़ा हादसा, क्लास में छात्र पर गिरा सीलिंग फैन

रायपुर (विश्व परिवार)। रायपुर के माना स्थित राय पब्लिक स्कूल में बड़ा हादसा हो गया। चौथी कक्षा में पढ़ने वाले 10 वर्षीय छात्र लक्ष्य पाल क्लास में बैठा था, तभी अचानक सीलिंग फैन टूटकर नीचे गिर गया। हादसे में बच्चे की आंख के पास गंभीर चोट आई। घटना के बाद नाराज परिजन स्कूल पहुंच गए और स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया।
परिजनों के मुताबिक, घटना बीते शनिवार की है जब लक्ष्य पाल कक्षा में पढ़ाई कर रहा था। अचानक छत से पंखा गिरने से वह घायल हो गया। बच्चे को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।घटना के विरोध में पैरेंट्स स्कूल प्रबंधन से जवाब मांगने पहुंचे थे।
मां का आरोप- इलाज के बाद दी गई जानकारी
घायल छात्र की मां पिंकी पाल ने आरोप लगाया कि घटना के तुरंत बाद स्कूल प्रबंधन ने उन्हें सूचना नहीं दी। उनका कहना है कि पहले बच्चे का इलाज कराया गया और बाद में परिवार को जानकारी दी गई।
परिजनों ने स्कूल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि समय पर सूचना मिलती तो वे तुरंत अस्पताल पहुंच सकते थे।
प्रिंसिपल बोलीं- पंखा सीधे बच्चे पर नहीं गिरा
स्कूल की प्रिंसिपल पूजा विश्वास ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि पंखा सीधे बच्चे के ऊपर नहीं, बल्कि उसके बगल में गिरा था। उनकी मानें तो हादसे के बाद स्कूल प्रबंधन ने बिना देर किए बच्चे को अस्पताल पहुंचाया।
उन्होंने कहा कि लक्ष्य पिछले सात वर्षों से स्कूल का छात्र है। बच्चे को चोट लगने के कारण पहले उसे अस्पताल ले जाया गया और उसके बाद अभिभावकों को सूचना दी गई।
सीमेंट शीट की छत में संचालित होता है स्कूल
परिजनों का कहना है कि स्कूल की कई कक्षाएं सीमेंट शीट की छत के नीचे संचालित होती हैं। घटना के बाद अभिभावकों ने स्कूल भवन की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए और पूरे मामले की जांच की मांग की।
घटना माना थाना क्षेत्र की है। फिलहाल मामले को लेकर परिजनों और स्कूल प्रबंधन के अलग-अलग दावे सामने आए हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts