नई दिल्ली (विश्व परिवार)। होर्मुज स्ट्रेट में LPG (लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस) टैंकर पर हमला हुआ है। होर्मुज स्ट्रेट में LPG टैंकर पर मिसाइल हमला करने का आरोप ईरान पर लगा है। LPG टैंकर पर 28 भारतीय नाविक सवार थे। हमले में सभी 28 भारतीय नाविक सुरक्षित हैं। भारतीय दूतावास ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा है कि वह संबंधित अधिकारियों के संपर्क में है।
भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी बयान में बताया कि मोजाम्बिक के झंडे वाले LPG टैंकर ‘दिशा’ पर हमला हुआ। हालांकि राहत की बात यह है कि सभी भारतीय चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं।
भारतीय समुद्री कर्मचारियों के संगठन फॉरवर्ड सीमेन्स यूनियन ऑफ इंडिया के मुताबिक, यह हमला होर्मुज स्ट्रेट के पास एक अज्ञात मिसाइल से किया गया। उस समय टैंकर फारस की खाड़ी की ओर बढ़ रहा था। हमले के पीछे किसका हाथ है, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है। हालांकि हमले का आरोप ईरान पर लगा है। वहीं इस घटना ने दुनिया के सबसे अहम समुद्री व्यापार मार्गों में से एक होर्मुज स्ट्रेट की सुरक्षा को लेकर नई चिंता पैदा कर दी है।
होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों की सुरक्षा पर खतरा बरकरार
अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ने के बाद इस इलाके में समुद्री गतिविधियां प्रभावित हुई हैं। भारतीय दूतावास ने कहा है कि वह हालात पर लगातार नजर रखे हुए है और जरूरत पड़ने पर भारतीय नागरिकों की सुरक्षा के लिए हर जरूरी कदम उठाया जाएगा।
ब्लैक सी में रूसी हमले में भारतीय की मौत
इधर ब्लैक सी में रूसी हमले में भारतीय नागरिक की मौत हो गई। विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को पुष्टि की कि ब्लैक सी से गुजर रहे कमर्शियल जहाज पर सवार एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि कमर्शियल जहाज MV OMORFI पर 18 जुलाई को ब्लैक सी से गुजरते समय हमला हुआ था। मंत्रालय ने बताया कि हमले के समय जहाज पर 10 क्रू मेंबर थे, जिनमें 3 भारतीय नागरिक शामिल थे।







