छत्तीसगढ़रायपुर

अभनपुर जनपद में खनिज फंड आवंटन पर बवाल, 11 सदस्यों ने मंत्रालय में की शिकायत

अभनपुर (विश्व परिवार)। जनपद पंचायत अभनपुर में वित्तीय वर्ष 2021-22 की गौण खनिज मद की राशि के आवंटन को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। जनपद के 11 सदस्यों ने वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व विधायक धनेन्द्र साहू के साथ पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के सचिव से मंत्रालय में मुलाकात कर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई है।
जनपद सदस्यों का आरोप है कि 29 अप्रैल 2026 को आयोजित सामान्य सभा की बैठक में जनपद अध्यक्ष द्वारा पूर्व तैयार सूची प्रस्तुत कर बिना किसी चर्चा और सदस्यों की राय लिए ही राशि आवंटन का प्रस्ताव पारित कर दिया गया। बैठक महज कुछ ही मिनटों में समाप्त कर दी गई, जिससे सदस्यों को आपत्ति दर्ज कराने का अवसर तक नहीं मिला।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि खनन से प्रभावित और आंशिक रूप से प्रभावित ग्रामों को प्राथमिकता देने के बजाय गैर-प्रभावित ग्रामों को अधिक राशि आवंटित कर दी गई, जो शासन के नियमों के विपरीत है। इतना ही नहीं, कुछ दूरस्थ ग्रामों को भी भारी-भरकम राशि देने का आरोप लगाया गया है, जिससे वित्तीय अनियमितता और पक्षपात की आशंका जताई जा रही है।
जनपद सदस्यों ने की ये मांगें
जनपद सदस्यों ने आरोप लगाया कि उनके विरोध के बावजूद अध्यक्ष और मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने प्रस्ताव को बहुमत के आधार पर पारित कर दिया, जबकि पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता और लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत रही। मंत्रालय में की गई शिकायत में सदस्यों ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, नियम विरुद्ध पारित प्रस्ताव को तत्काल निरस्त किया जाए और दोषी अधिकारियों व पदाधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही गौण खनिज मद की राशि का पुनः नियम अनुसार प्रभावित ग्रामों में आवंटन सुनिश्चित करने की मांग की गई है। इस मामले के सामने आने के बाद अभनपुर जनपद की राजनीति गरमा गई है। आने वाले दिनों में इस पर प्रशासन की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts