छत्तीसगढ़बालोद

बालोद में आवारा कुत्ते का आतंक, 13 लोगों को बनाया शिकार; 3 की हालत गंभीर

बालोद (विश्व परिवार)। जिले के डौंडीलोहारा नगर में आवारा कुत्ते के आतंक से लोगों में दहशत फैल गई है। नगर के अलग-अलग इलाकों में एक आवारा कुत्ते ने 13 लोगों को अपना शिकार बनाया। कुत्ते के हमले में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी घायल हुए हैं। किसी के पैर तो किसी के हाथ मे कुत्ते ने काटा है। कुछ लोग डौंडीलोहारा के ही हैं तो कुछ लोग बाहर के हैं।
जानकारी के मुताबिक, आवारा कुत्ते ने नगर के अलग-अलग स्थानों पर लोगों पर अचानक हमला कर दिया। कुत्ते के काटने से घायल सभी लोगों को तत्काल डौंडीलोहारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। बताया जा रहा है कि कुत्ते के हमले में घायल 3 लोगों की हालत गंभीर है। चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज किया जा रहा है। घटना के बाद नगर में लोगों के बीच डर का माहौल है। लोग घरों से निकलने में भी सतर्कता बरत रहे हैं।
इन तीन लोगों की हालत गंभीर
टिकरापारा निवासी 60 वर्षीय भगवती यादव किराना दुकान में काम करके वापस घर लौट रही थी, जिसे कुत्ते ने निशाना बनाया। शशिकला संजय नगर शिव मंदिर में पूजा करने जा रही थी तब कुत्ते ने उसके हाथ और पैर को काटा। वहीं 60 वर्षीय मानो बाई चिल्हाटीकला गांव से बैंक आई हुई थी, उसको भी कुत्ते ने काटकर घायल कर दिया। इन तीनों की हालत काफी नाजुक है, जिनका इलाज जारी है।
आवारा कुत्तों पर कार्रवाई की मांग
एक साथ बड़ी संख्या में लोगों को कुत्ते के काटने की घटना के बाद नगर में आवारा कुत्तों की समस्या को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से आवारा कुत्तों को पकड़ने और आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। फिलहाल सभी घायलों का डौंडीलोहारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज जारी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts