देशनई दिल्ली

‘सबूत इसी फोन में है’, राहुल गांधी का दावा- PM मोदी कराते हैं फोन टैपिंग

 नई दिल्ली (विश्व परिवार)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर गंभीर आरोप लगाया है। राहुल गांधी का दावा है कि उनके फोन की टैपिंग कराई जा रही है और प्रधानमंत्री को उनके फोन में मौजूद जानकारियों के बारे में पता है। राहुल गांधी ने यह बयान इंस्टाग्राम पर पूछे गए एक सवाल का जवाब देते हुए दिया। साथ ही उन्होंने एक बार फिर पीएम मोदी को विदेशी हस्तक्षेप और राजनीतिक मुद्दों पर आमने-सामने बहस की चुनौती दी है।
राहुल गांधी बोले- इसी फोन में है सबूत
राहुल गांधी ने अपने इंस्टाग्राम स्टेटस पर एक वीडियो साझा किया। इसमें एक यूजर ने उनसे पूछा कि प्रधानमंत्री मोदी का आरोप है कि उन्हें विदेशी मदद मिल रही है, जबकि राहुल गांधी खुद प्रधानमंत्री पर विदेशी ताकतों के प्रभाव में काम करने का आरोप लगाते हैं। ऐसे में उनके पास क्या सबूत हैं? इस सवाल के जवाब में राहुल गांधी ने कहा, “सबूत यहां है, इसी फोन में है। प्रधानमंत्री को यह बात पता है क्योंकि वे मेरा फोन टैप करते हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि जब प्रधानमंत्री आमने-सामने की बहस के लिए आएंगे, तब देश को पता चलेगा कि कौन विदेशी ताकतों के इशारे पर काम कर रहा है और कौन देश के हितों के खिलाफ काम कर रहा है। हालांकि, फोन टैपिंग के अपने आरोप के समर्थन में उन्होंने वीडियो में कोई तकनीकी सबूत पेश नहीं किया।
राहुल गांधी ने PM मोदी को दी थी खुली बहस की चुनौती
दरअसल, भाजपा नेता लगातार राहुल गांधी की विदेश यात्राओं और उनके बयानों पर सवाल उठाते रहे हैं। इसके जवाब में राहुल गांधी ने हाल ही में प्रधानमंत्री मोदी को खुली बहस की चुनौती दी थी।
राहुल गांधी ने आरोप लगाया था कि प्रधानमंत्री विदेशी समर्थन के दम पर सत्ता में आए और उनकी आर्थिक नीतियां भी विदेशी ताकतों के प्रभाव में हैं। उन्होंने कहा था कि प्रधानमंत्री किसी भी मंच पर और किसी भी समय बहस के लिए आ सकते हैं।
अमित शाह ने राहुल गांधी को दिया जवाब
राहुल गांधी की चुनौती पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी पलटवार किया था। उन्होंने कहा कि अगर राहुल गांधी वास्तव में चर्चा करना चाहते हैं, तो प्रधानमंत्री को पत्र लिखें। शाह ने यह भी कहा था कि सरकार इस मुद्दे पर चर्चा के लिए संसद का विशेष सत्र बुलाने को तैयार है। अब राहुल गांधी के फोन टैपिंग वाले ताजा बयान ने भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक टकराव को और तेज कर दिया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts