शिवरीनारायण (विश्व परिवार)। नई दिल्ली में भारत सरकार के संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से छत्तीसगढ़ के पावन तीर्थ शिवरीनारायण के विकास एवं सांस्कृतिक संवर्धन के संबंध में सौजन्य भेंट की गई। इस अवसर पर शिवरीनारायण नगर पंचायत के अध्यक्ष राहुल थवाईत तथा भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता शसंजय अग्रवाल उपस्थित रहे।
भेंट के दौरान शिवरीनारायण की ऐतिहासिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्ता पर विस्तार से चर्चा की गई तथा नगर के समग्र विकास के लिए तैयार विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन मंत्री को सौंपा गया। प्रतिनिधिमंडल द्वारा उन्हें शिवरीनारायण आगमन हेतु सादर आमंत्रित भी किया गया।इस दौरान परमपूज्य सद्गुरु ऋतेश्वर जी का आशीर्वाद भी दूरभाष के माध्यम से माननीय मंत्री को प्राप्त हुआ। सद्गुरु ने शिवरीनारायण की आध्यात्मिक महत्ता का उल्लेख करते हुए कहा कि यही वह पावन भूमि है जहाँ भीलनी माता शबरी द्वारा प्रेमपूर्वक अर्पित झूठे बेर भगवान श्रीराम ने स्वीकार किए थे। यह प्रसंग भारतीय संस्कृति में समानता, समरसता और सामाजिक एकता का अद्वितीय संदेश देता है।प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री को माता शबरी मंदिर शिलान्यास, त्रिवेणी वाटर स्पोट्र्स के शुभारंभ, इनडोर स्टेडियम के लोकार्पण तथा शिवरीनारायण महाआरती कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित होने हेतु आमंत्रित किया। मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने इस आमंत्रण को सहर्ष स्वीकार करते हुए 10 से 20 अप्रैल 2026 के मध्य शिवरीनारायण आगमन की सहमति दी, जिसमें संभावित तिथि 15 अप्रैल 2026 निर्धारित की गई है।
यह भेंट शिवरीनारायण को राष्ट्रीय स्तर पर एक प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।





