छत्तीसगढ़बलरामपुर

अफवाह बनी हिंसा की वजह, ग्रामीणों ने युवकों को पीटा

बलरामपुर (विश्व परिवार)। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में बच्चा चोरी की अफवाह ने गुरुवार को बड़ा हंगामा खड़ा कर दिया। बरवाही गांव में फैली इस अफवाह के चलते लोगों की भीड़ जुट गई और हालात तनावपूर्ण हो गया। इसी बीच ग्रामीणों ने दो युवकों की जमकर पिटाई भी कर दी। मामले की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में कर लिया।
ऐसे फैली बच्चा चोरी की अफवाह
जानकारी के अनुसार, रामचंद्रपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम आनंदपुर से एक बारात रेवतीपुर से लौट रही थी। इसी दौरान एक स्कॉर्पियो वाहन में सवार कुछ युवक तेज रफ्तार में गाड़ी चला रहे थे। बरवाही के पास वाहन चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया, जिससे वहां महुआ बीन रहे बच्चे घबरा गए और जोर-जोर से चिल्लाने लगे। बच्चों के शोर के बीच यह अफवाह फैल गई कि कोई बच्चा चोरी करने आया है।
घटना के बाद स्कॉर्पियो सवार युवक वहां से निकल गए, लेकिन स्थानीय लोगों ने उनकी पहचान कर ली। देखते ही देखते बरवाही गांव में बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया। ग्रामीणों ने युवकों को वापस बुलाया, हालांकि उनमें से एक युवक झारखंड चला गया था।
जब बाकी युवक बरवाही पहुंचे तो लोगों का गुस्सा बढ़ गया। स्थिति बिगड़ती देख सनवाल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवकों को थाने ले जाने का प्रयास किया, लेकिन इस दौरान कुछ लोगों ने विरोध करते हुए पुलिस के साथ झूमाझटकी भी की। काफी मशक्कत के बाद पुलिस युवकों को सुरक्षित सनवाल थाना ले आई और स्थिति को नियंत्रित किया।
मामले में थाना प्रभारी बृज लाल भारद्वाज ने बताया कि यह पूरा घटनाक्रम गलतफहमी के कारण हुआ। उन्होंने कहा कि तेज रफ्तार स्कॉर्पियो के अचानक ब्रेक लगाने से बच्चे डर गए, जिसके बाद अफवाह फैल गई। पुलिस ने पीर मोहम्मद (20 वर्ष) और मतलुब अंसारी (21 वर्ष) के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts