रायपुर (विश्व परिवार)। मेट्स स्कूल ऑफ फार्मेसी, मेट्स विश्वविद्यालय, आरंग परिसर, छत्तीसगढ़ द्वारा आयोजित “औषधि खोज एवं विकास में कृत्रिम बुद्धिमत्ता की उभरती प्रवृत्तियाँ” विषय पर दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का सफल आयोजन 17 एवं 18 जुलाई 2026 को किया गया।
संगोष्ठी का शुभारंभ आज गजराज पगारिया, कुलाधिपति, प्रियेश पगारिया, महानिदेशक, माननीय प्रो. (डॉ.) के. पी. यादव, कुलपति, तथा डॉ. गोकुलानंद पांडा, कुलसचिव की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ। अपने प्रेरणादायी उद्बोधनों में उन्होंने औषधि शिक्षा, अनुसंधान, स्वास्थ्य सेवाओं तथा नवाचार के क्षेत्र में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (Artificial Intelligence) के बढ़ते महत्व पर प्रकाश डाला तथा इस समसामयिक विषय पर राष्ट्रीय संगोष्ठी के आयोजन की सराहना की।
दो दिवसीय संगोष्ठी के दौरान प्रतिभागियों को चार विशिष्ट तकनीकी व्याख्यानों का लाभ प्राप्त हुआ। डॉ. दिनेश कुमार, सहायक प्राध्यापक, औषधि अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी विभाग, आईआईटी (बीएचयू) ने “AI and ML-assisted PAT Tools for Continuous Crystallization and Continuous Manufacturing” विषय पर व्याख्यान दिया। डॉ. मेघा झा, निदेशक, पिनेकल बायोमेडिकल रिसर्च इंस्टीट्यूट, भोपाल, ने “Artificial Intelligence in Pharmaceutical Sciences: From Drug Discovery to Patient Care” विषय पर विशेषज्ञ व्याख्यान प्रस्तुत किया। दूसरे दिन डॉ. दीपक शर्मा, प्रोफेसर, इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी, असम डॉन बॉस्को विश्वविद्यालय, ने “AI-Driven Quality by Design (QbD) in Analytical Method Development” विषय पर व्याख्यान दिया। इसके पश्चात डॉ. राहुल प्रताप सिंह, एसोसिएट प्रोफेसर, एमिटी इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी, एमिटी विश्वविद्यालय, नोएडा, ने “AI-Assisted Selection of Suitable Journals for Research Publications” विषय पर अपना विशेषज्ञ व्याख्यान प्रस्तुत किया।
प्रत्येक तकनीकी सत्र के उपरांत प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने विशेषज्ञों से सीधे संवाद कर कृत्रिम बुद्धिमत्ता के औषधि विज्ञान में नवीनतम अनुप्रयोगों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।
संगोष्ठी के समापन अवसर पर डॉ. अमित कुमार नायक, प्राचार्य, मेट्स स्कूल ऑफ फार्मेसी, एवं आयोजन समिति ने माननीय कुलाधिपति, महानिदेशक, कुलपति, कुलसचिव, सभी विशिष्ट वक्ताओं, आयोजन समिति के सदस्यों, संकाय सदस्यों, तकनीकी सहयोगी टीम तथा सभी प्रतिभागियों के प्रति उनके अमूल्य सहयोग, मार्गदर्शन एवं उत्साहपूर्ण सहभागिता के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया। सभी के सामूहिक प्रयासों से यह राष्ट्रीय संगोष्ठी अत्यंत सफल एवं ज्ञानवर्धक सिद्ध हुई।
इस संगोष्ठी का सफल आयोजन मेट्स स्कूल ऑफ फार्मेसी, मेट्स विश्वविद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार, अंतःविषयक अधिगम तथा औषधि विज्ञान के क्षेत्र में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के प्रभावी समावेशन को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण है।







