छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपा

जांजगीर-चांपा में टूटा बांध का गेट, कई गांवों पर मंडराया बाढ़ का खतरा

जांजगीर-चांपा (विश्व परिवार)। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में मानसून की एक्टिविटी बढ़ने से भारी बारिश हो रही है. अधिकांश नदी-नाले उफान पर हैं. लोगों का जीवन बुरी तरह प्रभावित हो चुका है. निचली बस्तियों और नदी किनारे रहने वालों में डर का माहौल है. अकलतरा ब्लॉक स्थित कोटमी सोनार के कर्रा नाला बांध शुक्रवार को पानी के तेज बहाव में गेट टूट गया. बांध का मेढ़ और गेट क्षतिग्रस्त होने के बाद बड़ी मात्रा में पानी नहर के रास्ते लीलागर नदी में पहुंच गया. बांध का पानी नदी में मिलने से अब लीलागर नदी उफान पर है।
100 लोगों को पहुंचाया सुरक्षित स्थान
जानकारी के मुताबिक, बांध के क्षतिग्रस्त होने के कारण कोटमी सोनार, बड़े अमेरी और छोटे अमेरी सहित आसपास के कई गांव प्रभावित हुए हैं. स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने प्रभावित करीब 100 परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाकर स्कूल में राहत शिविर स्थापित किया है. जहां प्रशासन ने खाने-पीने की व्यवस्था की है।
कलेक्टर ने बांध के मरम्मत के दिए निर्देश
डैम क्षतिग्रस्त होने की जानकारी मिलते ही कलेक्टर जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय और जल संसाधन विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया. कलेक्टर ने तत्काल बांध की मरम्मत के निर्देश दिए थे, लेकिन पानी के तेज बहाव में मरम्मत कार्य शुरू कर पाने में काफी कठिनाई आ रही है. फिलहाल प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts