रायपुर (विश्व परिवार)। आगामी श्रीगणेश उत्सव को लेकर राजधानी रायपुर में बेहतर यातायात, सुरक्षा एवं नागरिक सुविधाएं सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज नगर पालिक निगम रायपुर मुख्यालय के तृतीय तल सभाकक्ष में महापौर मीनल चौबे की अध्यक्षता में नगर निगम एवं रायपुर पुलिस प्रशासन की संयुक्त बैठक आयोजित की गई।
बैठक में नगर निगम के सभापति,सभी जोन कमिश्नर, पुलिस एवं यातायात विभाग के अधिकारी, जोन अध्यक्ष एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे। बैठक में श्रीगणेश उत्सव समितियों को अनुमति एवं अनिवार्य NOC, यातायात व्यवस्था, पार्किंग, पंडाल एवं झांकी व्यवस्था, सुरक्षा तथा आम नागरिकों की सुविधा सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
महापौर मीनल चौबे ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि श्रीगणेश उत्सव केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि हमारी सनातन परंपरा, आस्था और सामाजिक भावनाओं से जुड़ा पर्व है। नगर निगम की जिम्मेदारी है कि शासन एवं न्यायालय द्वारा निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करने के साथ-साथ समितियों की भावनाओं और उनकी व्यावहारिक कठिनाइयों को भी समझे।
उन्होंने कहा कि गणेश उत्सव समितियों में बड़ी संख्या में युवा साथी जुड़े रहते हैं, जो अपनी पढ़ाई, व्यवसाय और अन्य कार्यों के बीच समय निकालकर पूरी श्रद्धा एवं उत्साह के साथ भगवान श्रीगणेश की स्थापना और आयोजन की तैयारी करते हैं। ऐसे में उन्हें अंतिम समय पर अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े, इसका विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए।
महापौर ने सभी जोन कमिश्नरों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में गणेश उत्सव समितियों के साथ सम्मानपूर्वक एवं सकारात्मक संवाद स्थापित करें। NOC अथवा अन्य किसी अनुमति की आवश्यकता होने पर समितियों को समय रहते इसकी जानकारी दी जाए तथा आवश्यक औपचारिकताओं को पूरा कराने में सहयोग किया जाए।
सभापति सूर्र्यकांत राठौर ने कहा कि नगर निगम और पुलिस प्रशासन की टीम वार्ड पार्षदों एवं संबंधित जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय रखते हुए समितियों से चर्चा करे और नगरहित को सर्वोपरि मानकर यातायात एवं सुरक्षा की ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित करे, जिससे श्रद्धालुओं को भी सुविधा मिले और आम नागरिकों का आवागमन भी सुचारु बना रहे।
सभी जोन अध्यक्षों ने कहा कि नियमों का पालन करना आवश्यक है, लेकिन नियमों को लागू करने का तरीका भी संवेदनशील और व्यवहारिक होना चाहिए। यदि किसी समिति को किसी व्यवस्था में परिवर्तन की आवश्यकता है तो पहले समिति से बातचीत कर उसे स्थिति समझाई जाए और संभव हो तो आपसी सहमति से समाधान निकाला जाए।
महापौर ने कहा कि पूजा-पाठ और भगवान श्रीगणेश की स्थापना प्रत्येक नागरिक की आस्था का विषय है। हमारी आस्था के कारण किसी पड़ोसी, राहगीर अथवा आम नागरिक को परेशानी न हो, यह भी हमारी जिम्मेदारी है। इसलिए पंडालों एवं झांकियों की व्यवस्था करते समय यातायात, पार्किंग, पैदल आवागमन, अग्नि सुरक्षा, विद्युत व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए।
उन्होंने पुराने शहर सहित जोन-4 एवं जोन-5 के संकरे क्षेत्रों में विशेष सतर्कता के साथ व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए। महापौर ने कहा कि इन क्षेत्रों में पूर्व से चली आ रही व्यवस्थाओं को बेहतर तरीके से संचालित किया जाए तथा बिना आवश्यकता कोई नया प्रयोग करने के बजाय यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था को व्यवस्थित करने पर ध्यान दिया जाए।
महापौर ने गणेश उत्सव समितियों से भी अपील की कि वे नगर निगम एवं पुलिस प्रशासन का सहयोग करें तथा अनिवार्य NOC सहित सभी निर्धारित नियमों का पालन करें। उन्होंने कहा कि नगर निगम समितियों के साथ खड़ा है, लेकिन समितियों को भी शहर की सुरक्षा, यातायात और नागरिक सुविधा की जिम्मेदारी में सहभागी बनना होगा।
उन्होंने कहा, “हमारा उद्देश्य किसी की आस्था को रोकना नहीं, बल्कि आस्था के इस पर्व को सुरक्षित, व्यवस्थित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना है। समितियां हमारा सहयोग करेंगी तो नगर निगम भी हरसंभव सहयोग के लिए उनके साथ खड़ा रहेगा।”
समन्वय से ही बेहतर व्यवस्था संभव : जोन अध्यक्ष
बैठक में नगर निगम जोन-4 अध्यक्ष मुरली शर्मा, जोन-5 अध्यक्ष अंबर अग्रवाल, जोन-7 अध्यक्ष श्वेता विश्वकर्मा, जोन-8 अध्यक्ष प्रीतम सिंह ठाकुर एवं जोन-10 अध्यक्ष सचिन बी. मेघानी ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि नगर निगम, पुलिस प्रशासन, जनप्रतिनिधियों एवं गणेश उत्सव समितियों के बीच आपसी समन्वय से कार्य किया जाए तो समितियां भी नियमों का पालन करते हुए प्रशासन का पूरा सहयोग करेंगी।
जनहित में सुगम यातायात व्यवस्था के लिए पुलिस प्रशासन करेगा सहयोग : डीसीपी
बैठक में डीसीपी डॉ. अर्चना झा ने कहा कि जहां भी यातायात संबंधी समस्या सामने आती है, वहां रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के अधिकारी जनहित एवं शासन की मंशा को ध्यान में रखते हुए नियमानुसार आवश्यक पहल करते हैं। पुलिस प्रशासन नगर निगम के जोन कमिश्नरों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय रखते हुए शहर में सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्य करेगा।
उन्होंने सभी पार्षदों से गणेश उत्सव के दौरान बेहतर व्यवस्था कायम करने में प्रशासन का सकारात्मक सहयोग करने तथा गणेश उत्सव समितियों के साथ समन्वय रखते हुए शासन द्वारा निर्धारित अनिवार्य NOC प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित कराने में सहभागिता की अपील की।
बैठक में रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के जोन क्षेत्रीय अधिकारी, नगर निगम के अपर आयुक्त विनोद पाण्डेय, सभी जोन कमिश्नर, पार्षद रवि ध्रुव, पूर्व पार्षद डॉ. प्रमोद साहू सहित नगर निगम एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी तथा जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।
महापौर ने अंत में कहा कि गणेश उत्सव भक्ति, उत्साह, संस्कार और सामाजिक एकता का पर्व है। सभी पक्षों के आपसी विश्वास, संवाद और सहयोग से रायपुर में इस वर्ष भी श्रीगणेश उत्सव की गौरवशाली परंपरा को कायम रखते हुए सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण आयोजन सुनिश्चित किया जाएगा।







