छत्तीसगढ़बस्तर

बस्तर पुलिस का बड़ा एक्शन, 6.35 लाख का गांजा जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार

बस्तर (विश्व परिवार)। ओडिशा सीमाक्षेत्र में गांजा तस्करी को बस्तर पुलिस ने एक बार फिर विफल कर दिया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से 6 लाख से ज्यादा का गांजा बरामद किया गया है। यह पूरा मामला नगरनार थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नगरनार थाना क्षेत्र में दो आरोपी गांजा के साथ धनपुंजी फॉरेस्ट नाका के पास यात्री बस का इंतजार कर रहे हैं, जिसके बाद टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
6.35 लाख का गांजा जब्त
आरोपियों ने पूछताछ में अपना नाम हरिओम शर्मा और मोनू चौरसिया बताया, जो कि उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के रहने वाले हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से 12 किलो 700 गांजा बरामद किया, जिसकी अनुमानित कीमत 6 लाख 35 हजार रुपए आंकी गई है।
ओडिशा से गांजा लेकर जा रहे थे उत्तर प्रदेश
पुलिस के अनुसार, आरोपी ओडिशा से गांजा लेकर उत्तर प्रदेश जा रहे थे। आरोपियों के खिलाफ नगरनार थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts