छत्तीसगढ़रायपुर

राज्योत्सव 2026: अमित शाह ने 36 विभूतियों और संस्थाओं को राज्य अलंकरण से किया सम्मानित

रायपुर (विश्व परिवार)। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ के अवसर पर नवा रायपुर में आयोजित राज्योत्सव 2026 के समापन समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों एवं संस्थाओं को प्रतिष्ठित राज्य अलंकरण पुरस्कारों से सम्मानित किया। साहित्य, कला, संस्कृति, पत्रकारिता, खेल, कृषि, समाजसेवा, जनजातीय उत्थान, महिला सशक्तिकरण, सहकारिता, श्रम और शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं को सम्मान प्रदान किया गया।

राज्य अलंकरण समारोह प्रदेश की प्रतिभाओं और संस्थाओं के योगदान को सम्मानित करने का महत्वपूर्ण अवसर बना। इस दौरान कुल 36 श्रेणियों में पुरस्कार प्रदान किए गए।

साहित्य, कला और संस्कृति के क्षेत्र में सम्मान

आदिवासी सामाजिक चेतना एवं उत्थान के लिए धमतरी के डुमन लाल ध्रुव को शहीद वीरनारायण सिंह स्मृति सम्मान प्रदान किया गया। हिन्दी साहित्य में योगदान के लिए रायगढ़ के डॉ. बिहारीलाल साहू को पं. सुंदरलाल शर्मा सम्मान दिया गया।

समकालीन रंगकर्म के क्षेत्र में रायपुर के डॉ. पुरुषोत्तम चन्द्राकर को हबीब तनवीर सम्मान, शास्त्रीय संगीत एवं नृत्य के लिए डॉ. एम. श्रीराम मूर्ति को चक्रधर सम्मान और लोक नाट्य एवं लोक शिल्प के लिए श्रीमती रेखा जलक्षत्री को दाऊ मंदराजी सम्मान प्रदान किया गया।

छत्तीसगढ़ी लोकगीत के लिए दुर्ग की श्रीमती साधना यादव को लक्ष्मण मस्तुरिया सम्मान, पंथी नृत्य के लिए सी.एल. रात्रे को देवदास बंजारे स्मृति पंथी नृत्य पुरस्कार, लोक संगीत के लिए चंद्रभूषण वर्मा को खुमान साव सम्मान तथा पंडवानी कला के लिए चेतन लाल देवांगन को डॉ. तीज़न बाई सम्मान से सम्मानित किया गया।

आंचलिक साहित्य एवं लोक कविता के लिए दुर्ग के दुर्गा प्रसाद पारकार को लाला जगदलपुरी साहित्य पुरस्कार और संस्कृत भाषा के क्षेत्र में योगदान के लिए डॉ. बहुरन सिंह पटेल को राजेश्री महंत वैष्णवदास जी महाराज संस्कृत भाषा पुरस्कार प्रदान किया गया।

पत्रकारिता और सिनेमा के क्षेत्र में पुरस्कार

हिन्दी प्रिंट मीडिया में योगदान के लिए प्रमोद कुमार साहू को चन्दूलाल चन्द्राकर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार प्रदान किया गया। हिन्दी इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के लिए बरुण सखाजी और रसिका पांडेय को संयुक्त रूप से सम्मानित किया गया। अंग्रेजी प्रिंट मीडिया के लिए शिशिर रॉय चौधरी को मधुकर खेर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार दिया गया।

हिन्दी एवं छत्तीसगढ़ी सिनेमा में रचनात्मक योगदान के लिए सैयद ताहिर अली (करन खान) को किशोर साहू सम्मान तथा निर्देशन के क्षेत्र में योगदान के लिए मोहन सुंदरानी को किशोर साहू राष्ट्रीय अलंकरण प्रदान किया गया।

हिन्दी भाषा और रचनात्मक लेखन के लिए गाजियाबाद के वरिष्ठ पत्रकार एवं लेखक अनंत विजय को पंडित माधव राव सप्रे राष्ट्रीय रचनात्मकता सम्मान से सम्मानित किया गया।

खेल, कृषि और सामाजिक सेवा में योगदान का सम्मान

खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए कोरबा की संजू देवी को गुण्डाधूर सम्मान और तीरंदाजी में उपलब्धि के लिए बालोद के टोमन कुमार को महाराजा प्रवीरचंद भंजदेव सम्मान प्रदान किया गया।

कृषि के क्षेत्र में योगदान के लिए कबीरधाम के पुन्नीदास भट्ट को डॉ. खूबचंद बघेल कृषक रत्न पुरस्कार दिया गया। मत्स्य पालन के लिए बालोद के प्रदीप कुमार सोनी को श्रीमती बिलासादेवी केंवट मत्स्य विकास पुरस्कार प्रदान किया गया।

सामाजिक समरसता के लिए रायगढ़ के बाबूलाल अग्रवाल को महाराजा अग्रसेन सम्मान और बालोद के जगदीश प्रसाद देशमुख को संत रविदास सम्मान से सम्मानित किया गया।

महिला उत्थान एवं जनजागृति के लिए गरियाबंद के लोक आस्था सेवा संस्थान (लता नेताम) को मिनीमाता सम्मान तथा महिलाओं के उत्पीड़न के खिलाफ संघर्ष और नारी उत्थान के लिए कांकेर की बुलबुल बैदया को माता बहादुर कलारिन सम्मान प्रदान किया गया।
छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 : केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह ने 36 विभूतियों एवं संस्थाओं को राज्य अलंकरण से किया सम्मानित

सामाजिक एवं शैक्षणिक क्षेत्र में योगदान के लिए बिलासपुर के तेजस्विनी सेवा प्रतिष्ठान को पंडित रविशंकर शुक्ल सम्मान दिया गया। सहकारिता के क्षेत्र में बस्तर की प्राथमिक कुडुक मछुवा सहकारी समिति मर्यादित, चित्रकोट को ठाकुर प्यारेलाल सिंह पुरस्कार प्रदान किया गया।

स्वास्थ्य, श्रम, कानून और अन्य क्षेत्रों में सम्मान

आयुर्वेद चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान के लिए धमतरी के डॉ. दिनेश कुमार नाग को धन्वन्तरि सम्मान प्रदान किया गया। आदिवासी सेवा एवं आर्थिक उत्थान के लिए श्री सत्य साईं संजीवनी अस्पताल, नवा रायपुर को डॉ. भंवरसिंह पोर्ते आदिवासी सेवा पुरस्कार दिया गया।

श्रम के क्षेत्र में योगदान के लिए अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड, यूनिट कुकुरडीह, सीमेंट वर्क्स, सरकीपार को स्व. रामानुज प्रताप सिंहदेव स्मृति श्रम यशस्वी पुरस्कार प्रदान किया गया।

अपराध अनुसंधान के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए रायपुर के उप पुलिस अधीक्षक सुरेश कुमार ध्रुव को पंडित लखनलाल मिश्र सम्मान दिया गया। विधि के क्षेत्र में योगदान के लिए दिल्ली के कौस्तुभ शुक्ला और रायपुर के हेमन्त कुमार मिश्र को संयुक्त रूप से बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल सम्मान प्रदान किया गया।

अहिंसा एवं गोरक्षा के लिए दुर्ग जिले के विश्व गीता धेनू गोविन्द पक्षी सेवा धाम, कुम्हारी को यति यतनलाल सम्मान प्रदान किया गया। ग्रामीण पर्यटन के लिए कबीरधाम के सत्येन्द्र कुमार उपाध्याय ‘सन्नी’ को चेंदरू राज्य ग्रामीण पर्यटन पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

देश के बाहर सामाजिक कल्याण, साहित्य, मानव संसाधन एवं आर्थिक क्षेत्र में योगदान के लिए दंतेवाड़ा की दीपाली सरावगी को छत्तीसगढ़ अप्रवासी भारतीय सम्मान प्रदान किया गया।

प्रदेश की प्रतिभाओं को मिला प्रोत्साहन

राज्य अलंकरण समारोह ने छत्तीसगढ़ की लोककला, संस्कृति, साहित्य, सामाजिक समरसता, जनजातीय परंपराओं और जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों को प्रतिष्ठित पहचान दिलाई। इन पुरस्कारों के माध्यम से प्रदेश की प्रतिभाओं और सामाजिक संस्थाओं के कार्यों को सम्मानित करने के साथ नई पीढ़ी को समाज और राज्य के विकास में रचनात्मक योगदान देने की प्रेरणा दी गई।

राज्योत्सव के समापन समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली प्रतिभाओं को मिला राज्य का प्रतिष्ठित सम्मान

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts