रायपुर

नरेंद्र जैन पर दर्ज फर्जी प्रकरण निरस्त हो, दोषी पुलिस अधिकारियों पर हो कड़ी कार्रवाई – धनेंद्र साहू के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल मिले डीजीपी से

रायपुर (विश्व परिवार)। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री छ ग़ शासन धनेंद्र साहू के नेतृत्व में कांग्रेस के नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज छत्तीसगढ़ पुलिस के महानिदेशक (डीजीपी) अरुण देव गौतम से मुलाकात कर सूरजपुर जिले के कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र जैन के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज प्रकरण को तत्काल निरस्त करने तथा इस मामले में शामिल संबंधित पुलिस अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल में पूर्व विधायक कुलदीप जुनेजा, पूर्व विधायक विकास उपाध्याय, छत्तीसगढ़ प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष आकाश शर्मा, प्रदेश महामंत्री सकलेन कामदार, प्रदेश सचिव ब्रह्मानंद सिंह ठाकुर, रायपुर जिला ग्रामीण कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेंद्र (पप्पू) बंजारे, रायपुर शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कुमार मेनन, पूर्व महापौर प्रमोद दुबे, पूर्व महापौर एजाज ढेबर, कन्हैया अग्रवाल तथा अधिवक्ता दिशांत सिंह ठाकुर सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित थे।
प्रतिनिधिमंडल ने डीजीपी को अवगत कराया कि नरेंद्र जैन के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के अंतर्गत दर्ज किया गया मामला पूरी तरह से झूठा, निराधार और राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित है। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि नगर पंचायत शिवनंदनपुर में चल रहे चुनाव प्रचार से नरेंद्र जैन को दूर रखने और उनकी राजनीतिक सक्रियता को बाधित करने के उद्देश्य से सुनियोजित षड्यंत्र के तहत यह फर्जी मामला दर्ज किया गया है।
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने डीजीपी से कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में चुनावी गतिविधियों को प्रभावित करने तथा राजनीतिक विरोधियों को झूठे मामलों में फंसाने की प्रवृत्ति अत्यंत चिंताजनक है। यदि इस प्रकार की कार्रवाई पर रोक नहीं लगाई गई तो लोकतांत्रिक संस्थाओं और कानून के शासन पर जनता का विश्वास कमजोर होगा।
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर नरेंद्र जैन के विरुद्ध दर्ज फर्जी प्रकरण को तत्काल समाप्त किया जाए तथा जिन अधिकारियों ने तथ्यों को दरकिनार कर दुर्भावनापूर्ण कार्रवाई की है, उनके विरुद्ध कठोर कानूनी एवं विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इस मुद्दे की गंभीरता को देखते हुए छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव तथा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित सैकड़ो कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी न्याय की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन धरना एवं अनशन पर बैठे हुए थे।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts