छत्तीसगढ़रायपुर

वक्ता मंच 100 महिलाओं को सम्मानित करेगा

रायपुर  (विश्व परिवार)। प्रदेश की अग्रणी सामाजिक संस्था वक्ता मंच द्वारा रविवार 12 जुलाई को प्रातः 11 बजे वृन्दावन सभागृह, सिविल लाइंस रायपुर में आयोजित एक भव्य समारोह में प्रदेश की 100 महिलाओं का सम्मान किया जायेगा । अग्रगणी महिला सम्मान 2026 शीर्षक से हो रहे इस आयोजन में सामाजिक सरोकारों से संबद्ध संस्था जन एकता फाउंडेशन को पार्टनर की भूमिका में है । आयोजन समिति की ओर से राजेश पराते, शुभम साहू, विवेक बेहरा ,ज्योति शुक्ला एवं मनीष अवस्थी ने जानकारी दी है कि इस सम्मान हेतु विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य कर रही महिलाओं का चयन किया गया है । वक्ता मंच द्वारा विगत दो दशकों से प्रतिवर्ष यह आयोजन किया जा रहा है । समारोह के आरम्भ में बाल प्रतिभाओं द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जायेगी। इसके पश्चात सम्मानित हो रही महिलाएं अपने संघर्षों व उपलब्धियों पर बातें करेंगी। वक्ता मंच के अध्यक्ष राजेश पराते ने जानकारी दी है कि अपने परिश्रम, समर्पण और उत्कृष्ट कार्यों से सफलता की इबारत लिखनेवाली महिलाओं का सम्मान नारियों की शक्ति, संघर्ष,सेवा, आत्म विश्वास एवं सामाजिक योगदान का सम्मान है। आज की नारी केवल परिवार की आधारशिला नहीं वरन समाज एवं राष्ट्र निर्माण की सशक्त धुरी है। वह नेतृत्व, नवाचार,सेवा और परिश्रम से आदर्श प्रस्तुत कर रही है। उनके दृढ़ संकल्पित, विश्वास और जुझारूपन से ही उनकी सफलता सुनिश्चित हुई है। वक्ता मंच द्वारा राजधानी के समस्त प्रबुद्धजनों को इस अवसर पर आमंत्रित किया गया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts