छत्तीसगढ़रायपुर

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े की पहल से साकार हुआ भरोसा, एक वादे ने बदली सरस्वती की राह, सक्षम योजना से मिला एक लाख रुपये का ऋण

रायपुर (विश्व परिवार)। शासन की योजनाओं का लाभ समय पर जरूरतमंदों तक पहुंचाने की दिशा में महिला एवं बाल विकास एवं समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े की संवेदनशील पहल एक बार फिर सार्थक साबित हुई। कांकेर जिले के प्रवास के दौरान लक्ष्मी मिलेट कैफे की संचालिका सरस्वती साहू ने अपने व्यवसाय के विस्तार के लिए आर्थिक सहयोग की आवश्यकता बताई थी। मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने तत्काल सहायता का भरोसा दिलाया था और अब वह भरोसा हकीकत में बदल गया है।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के निर्देश पर महिला एवं बाल विकास विभाग की सक्षम योजना के अंतर्गत सरस्वती साहू के लिए एक लाख रुपये का ऋण स्वीकृत किया गया। महिला एवं बाल विकास और जिला प्रशासन ने तत्परता से सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी करते हुए सहायता राशि स्वीकृत कराई। इसके बाद कांकेर कलेक्टर नीलेश क्षीरसागर ने सरस्वती साहू को ऋण स्वीकृति का चेक प्रदान किया।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि प्रत्येक पात्र हितग्राही तक उनका लाभ समय पर पहुंचाना है। महिलाओं को स्वरोजगार, उद्यमिता और आत्मनिर्भरता से जोड़ना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। सक्षम योजना के माध्यम से अनेक महिलाएं अपने छोटे व्यवसाय को आगे बढ़ाकर आर्थिक रूप से सशक्त बन रही हैं।
उन्होंने कहा कि जब किसी महिला का व्यवसाय आगे बढ़ता है तो उसका लाभ केवल एक परिवार तक सीमित नहीं रहता, बल्कि समाज की अन्य महिलाओं के लिए भी रोजगार और प्रेरणा के नए अवसर पैदा होते हैं। राज्य सरकार महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।
लक्ष्मी मिलेट कैफे की संचालिका सरस्वती साहू ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मंत्री द्वारा किया गया वादा पूरा होने से उनका आत्मविश्वास और बढ़ा है। उन्होंने कहा कि इस आर्थिक सहयोग से वे अपने मिलेट कैफे का विस्तार करेंगी, उत्पादन क्षमता बढ़ाएंगी तथा भविष्य में अन्य महिलाओं को भी रोजगार उपलब्ध कराने का प्रयास करेंगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts