Blog

राजस्थान से राज्य सभा में प्रतिनिधित्व देने के लिए जैन समाज ने की भाजपा प्रदेश अध्यक्ष से मुलाकात

जयपुर (विश्व परिवार)। राजस्थान से राज्यसभा के लिए संभावित प्रत्याशी के संदर्भ में बुधवार सायंकाल जैन समाज के एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ से मुलाकात की। यह मुलाकात सकल जैन समाज, जयपुर के तत्वावधान में समाज के विभिन्न प्रतिनिधियों द्वारा की गई।

इसमें महावीर जी अतिशय क्षेत्र, राजस्थान जैन सभा, राजस्थान जैन युवा महासभा, जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन, जैन श्वेताम्बर संघ, वर्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक संघ, जैन श्वेताम्बर तेरापंथी सभा, अणुविभा जयपुर केंद्र, जैन श्वेताम्बर मूर्तिपूजक संघ, जैन विश्व भारती आदि संस्थानों के प्रतिनिधि मौजूद थे।

प्रतिनिधिमंडल ने राठौड़ के समक्ष जैन समाज की भावनाओं को रखते हुए आग्रह किया कि वर्तमान में राजस्थान से राज्यसभा में जैन समाज का कोई प्रतिनिधित्व नहीं है, अतः समाज को उचित प्रतिनिधित्व प्रदान करते हुए जैन समाज से किसी योग्य प्रतिनिधि को राज्यसभा भेजा जाए। बैठक में प्रदेश महामंत्री श्रवण बागड़ी एवं भूपेंद्र सैनी भी विशेष रूप से उपस्थित थे।

इस अवसर पर जैन समाज की ओर से वरिष्ठ नेता सुनील कोठारी को अवसर दिए जाने का आग्रह किया गया। प्रतिनिधिमंडल ने उनके पक्ष में एक ज्ञापन भी सौंपा।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि सुनील कोठारी लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी के समर्पित, सक्रिय एवं वरिष्ठ कार्यकर्ता रहे हैं। उन्होंने संगठन में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन करते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पद पर भी कार्य किया है। पार्टी संगठन, वैचारिक प्रतिबद्धता तथा जनसंपर्क के क्षेत्र में उनका योगदान अत्यंत उल्लेखनीय रहा है।

वर्ष 2019 एवं 2024 के लोकसभा चुनावों में जयपुर संसदीय क्षेत्र से उनका नाम भाजपा प्रत्याशी के रूप में गंभीरता से विचाराधीन रहा। अंतिम समय में संगठनात्मक परिस्थितियोंवश अन्य प्रत्याशियों को अवसर दिया गया, तथापि कार्यकर्ताओं एवं समाज के मध्य उनकी स्वीकार्यता निरंतर बनी हुई है।

ज्ञापन में यह भी कहा गया कि सुनील कोठारी एक अनुभवी, सक्षम एवं स्वच्छ सार्वजनिक छवि वाले व्यक्तित्व हैं, जो राज्यसभा में राजस्थान तथा समाज के विविध वर्गों का प्रभावी प्रतिनिधित्व करने की पूर्ण क्षमता रखते हैं।

प्रतिनिधिमंडल ने यह भी उल्लेख किया कि वर्तमान समय में राजस्थान से राज्यसभा में जैन समाज का कोई प्रतिनिधित्व नहीं है। साथ ही सम्पूर्ण भारत में भी जैन समाज का कोई सदस्य लोकसभा में प्रतिनिधित्व नहीं कर रहा है। देश की आर्थिक, सामाजिक, शैक्षणिक एवं राष्ट्रनिर्माण की गतिविधियों में जैन समाज के महत्वपूर्ण योगदान को देखते हुए उसका संसदीय प्रतिनिधित्व होना अत्यंत आवश्यक एवं न्यायोचित है।

अतः सकल जैन समाज, जयपुर की ओर से भारतीय जनता पार्टी नेतृत्व से विनम्र निवेदन किया गया कि आगामी राज्यसभा चुनाव में सुनील कोठारी को भाजपा प्रत्याशी के रूप में मनोनीत किया जाए। प्रतिनिधिमंडल ने विश्वास व्यक्त किया कि इससे न केवल समर्पित कार्यकर्ताओं का सम्मान होगा, बल्कि जैन समाज को भी उचित प्रतिनिधित्व प्राप्त होगा।

प्रतिनिधिमंडल में जैन समाज से सुधांशु कासलीवाल, विवेक काला, राजकुमार बरडिया, सुभाष चन्द जैन, विनोद जैन कोटखावदा, हितेश भाण्डिया, अमित हिरावत, ज्योति कोठारी, अमिताभ हीरावत, नितिन दुगड़, प्रवीण मेहता, राजेंद्र बांठिया, सरदारसिंह बोथरा, सुभाष जैन, सुनील बख्शी, सुनील जैन, सुनील मुनोत, सुरेश कोठारी, गौरव मांडोत, कमल सचेती, सुनील कोठारी, रजत डागा आदि उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts