रायपुर

रायपुर से गूंजा गौ सम्मान का संकल्प: 251 तहसीलों के प्रतिनिधियों ने बनाई प्रदेशव्यापी रणनीति

  • श्री सालासर धाम में हुई गो सम्मान आह्वान अभियान की प्रांतीय कार्यशाला, संतों के सान्निध्य में संगठन, जनजागरण और एआई प्रशिक्षण पर हुआ मंथन

रायपुर (विश्व परिवार)। राजधानी रायपुर स्थित श्री सालासर धाम में गुरुवार को गो सम्मान आह्वान अभियान की प्रदेश स्तरीय प्रांतीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें छत्तीसगढ़ की सभी 251 तहसीलों से आए गौ सेवकों, गोसेविकाओं, युवाओं, मातृशक्ति तथा सनातन समाज के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यशाला में आगामी 27 जुलाई 2026 को होने वाले राष्ट्रव्यापी गो सम्मान आह्वान अभियान की प्रदेशव्यापी रणनीति, जनजागरण कार्यक्रमों एवं संगठनात्मक तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान दोपहर 1:30 बजे से 2:00 बजे तक प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इसमें पूज्य संतों एवं अभियान के पदाधिकारियों ने मीडिया को बताया कि 27 जुलाई को देश के 790 जिला मुख्यालयों पर एक साथ व्यापक जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। छत्तीसगढ़ के सभी 33 जिला मुख्यालयों पर भी हजारों गौभक्त, किसान, युवा, मातृशक्ति एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि जिला प्रशासन के माध्यम से भारत सरकार के नाम ज्ञापन सौंपेंगे।
अभियान की प्रमुख मांगों में गौ माता को “राष्ट्र माता” का सम्मान प्रदान करना तथा केंद्रीय कानून बनाकर पूरे देश में गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लागू करना शामिल है। अभियान का उद्देश्य गौ संरक्षण, गौ सुरक्षा एवं गौ सम्मान के पक्ष में जनभावनाओं को लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक माध्यम से भारत सरकार तक पहुँचाना है।
कार्यशाला में संगठन विस्तार, जनसंपर्क, हस्ताक्षर अभियान, सोशल मीडिया एवं डिजिटल प्रचार-प्रसार की रणनीति पर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही कार्यकर्ताओं को आधुनिक तकनीक के प्रभावी उपयोग के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का विशेष प्रशिक्षण भी दिया गया, ताकि अभियान को अधिक प्रभावी एवं जन-जन तक पहुँचाया जा सके।
कार्यक्रम में पूज्य साधु-संतों का पावन सान्निध्य एवं मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। संतों ने प्रदेश के गौभक्तों, युवाओं, मातृशक्ति एवं समस्त सनातन समाज से 27 जुलाई के राष्ट्रव्यापी अभियान में अधिक से अधिक संख्या में सहभागी बनने का आह्वान करते हुए कहा कि गौ संरक्षण, गौ सुरक्षा और गौ सम्मान के लिए व्यापक जनसमर्थन एवं जनभागीदारी समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts