रायपुर (विश्व परिवार)। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज़ में कार्यपालक निदेशकों के प्रभार में परिवर्तन किया गया है तथा दो अधिकारियों को मुख्य अभियंता के पद पर पदोन्नति प्रदान की गई है। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के कार्यपालक निदेशक (संचारण एवं संधारण) [ED (O&M)] के पद पर संजय खंडेलवाल की नियुक्ति की गई है। वे पूर्व में दुर्ग के कार्यपालक निदेशक के पद पर कार्यरत थे। वहीं, राजनांदगांव के कार्यपालक निदेशक शिरीष शैलेट का स्थानांतरण दुर्ग क्षेत्रीय कार्यालय में किया गया है।
छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी की मुख्य अभियंता (मानव संसाधन) रश्मि वर्मा द्वारा उक्त आदेश जारी किए गए हैं। गौरतलब है कि मुख्यालय स्थित ED (O&M) कार्यालय से पूरे प्रदेश की विद्युत वितरण व्यवस्था का संचारण एवं संधारण किया जाता है। इस पद पर पूर्व में जे.एस. नेताम कार्यरत थे। उनकी सेवानिवृत्ति के बाद संजय खंडेलवाल को यह दायित्व सौंपा गया है।
इसके साथ ही ट्रांसमिशन कंपनी के मानव संसाधन विभाग द्वारा पदोन्नति के दो आदेश भी जारी किए गए हैं। इनके तहत छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के अतिरिक्त मुख्य अभियंता दिलीप कुमार भोजक एवं एच.के. मेश्राम को मुख्य अभियंता के पद पर पदोन्नत किया गया है। भोजक को मुख्य अभियंता (सतर्कता) तथा मेश्राम को मुख्य अभियंता, राजनांदगांव का प्रभार सौंपा गया है।







