रायपुर (विश्व परिवार)। राजकुमार कॉलेज, रायपुर में वार्षिक वाणिज्य प्रदर्शनी “इनोवेट टू एलीवेट” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम प्राचार्य लेफ्टिनेंट कर्नल अविनाश सिंह तथा उप-प्राचार्य शिवेन्द्र नाथ शाह देव की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। उन्होंने विद्यार्थियों के नवाचार, रचनात्मकता एवं व्यावसायिक समझ की सराहना की।
प्रदर्शनी में कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों ने वाणिज्य, अर्थशास्त्र, वित्त, उद्यमिता तथा सतत् व्यवसाय जैसे समकालीन विषयों पर आधारित आकर्षक मॉडल, शोध-आधारित परियोजनाएँ एवं कार्यशील प्रस्तुतियाँ प्रदर्शित कीं। निर्णायक मंडल में राहुल अग्रवाल, रोहित पारख एवं डॉ. सीमा मैथ्यू ने विद्यार्थियों की परियोजनाओं का मूल्यांकन करते हुए विद्यार्थियों की उत्कृष्ट प्रस्तुति, शोध क्षमता एवं व्यावहारिक दृष्टिकोण की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
यह प्रदर्शनी विद्यार्थियों के लिए अपने ज्ञान, नवाचार, प्रस्तुतीकरण कौशल एवं टीम भावना को प्रदर्शित करने का एक उत्कृष्ट मंच सिद्ध हुई। कार्यक्रम ने अनुभवात्मक शिक्षण को बढ़ावा देते हुए विद्यार्थियों में उद्यमिता एवं व्यावसायिक सोच को प्रोत्साहित किया तथा राजकुमार कॉलेज की गुणवत्तापूर्ण एवं समग्र शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को पुनः स्थापित किया।







