छत्तीसगढ़रायपुर

साय सरकार पर बरसे दीपक बैज, बोले- भाजपा राज में लोकतंत्र और कानून व्यवस्था दोनों खतरे में

रायपुर (विश्व परिवार)। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि ढाई साल के शासनकाल में ही भाजपा की साय सरकार क्रूर और अत्याचारी बन गयी है। सरकार अपना लोकतांत्रिक चरित्र खो चुकी है। सरकार में बैठे हुए लोग लगातार विपक्ष का दमन करने में लगे है। जनहित के काम सरकार और प्रशासन की प्राथमिकता में नहीं है। प्रदेश के विकास कार्य तथा जनकल्याणकारी योजनाएं ठप्प हो गयी है। कानून व्यवस्था बदतर हो गयी है, अपराध बढ़ गये है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि प्रदेश में नगरीय निकायों, पंचायतों के उपचुनाव चल रहे है, सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग करके चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही, विपक्ष के कार्यकर्ताओं पर झूठे मुकदमें दर्ज किये जा रहे है। सूरजपुर जिले के शिवनंदनपुर नगर पंचायत चुनाव को प्रभावित करने के लिए भाजपा सरकार के इशारे पर कांग्रेस के चुनाव संचालक जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री नरेन्द्र जैन के खिलाफ आर्म्स एक्ट का झूठा मुकदमा दर्ज किया है। इसके विरोध में कांग्रेस के साथियों के साथ 26 मई को मैं धरने पर बैठा। 30 घंटे से अधिक धरने के बाद जब गूंगी-बहरी सरकार ने नहीं सुना तो हमने आमरण अनशन भी शुरू कर दिया। अंततः सरकार और प्रशासन के लोग झुके। हमारी मांगें मानी गयी, हम सबने अनशन तोड़ा। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व उप मुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव भी धरने में शामिल हुए। पूर्व उप मुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव भी हमारे साथ आमरण अनशन पर बैठे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि भाजपा को इस बात का अहसास हो गया है कि वह चुनाव हार रही है तो वह सत्ता का दुरुपयोग कर रही थी। प्रदेश में कही भी लोकतंत्र के दमन की कोशिश होगी हमारे कार्यकर्ताओं पर अत्याचार होगा कांग्रेस इस कुचक्र का डटकर मुकाबला करेगी। हम अपने एक-एक कार्यकर्ता के साथ खड़े है, हम अपने कार्यकर्ता को प्रताड़ित नहीं होने देंगे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि पिछले एक सप्ताह के अंदर कांग्रेस ने प्रदेश के दो आदिवासी संभागों बस्तर और सरगुजा में भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ बड़ा जनांदोलन छेड़ा। बस्तर में गृह मंत्री अमित शाह के आगमन पर हम बस्तर की जनता की तरफ से अमित शाह से मिलकर बस्तर की समस्याओं को रखना चाहते थे। वे मिलने का समय नहीं दिये, हम सब उनसे मिलने जा रहे थे हमे रास्तें में रोक लिया गया, हमने बस्तर की समस्याओं को लेकर 14 सवाल उनके पास प्रशासन के माध्यम से भेजा। इस कार्यक्रम में बस्तर संभाग के विधायकगण, पदाधिकारी, कार्यकर्ता शामिल हुए।
प्रदेश में कोई सुरक्षित नहीं सरकार लापरवाह बनी हुई
प्रदेश में 1 दर्जन से अधिक लोगों की गोली मारकर हत्या हुई
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि प्रदेश में थम ही नहीं रहा अपराध का सिलसिला, कानून व्यवस्था फेल हो चुका है। पेंड्रा के कोटमी बाजार में सराफा कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पिछले 24 घंटों के भीतर ही राजधानी रायपुर के कुशालपुर क्षेत्र में गैंगवार हुआ। राजधानी रायपुर के ही गंज थाना क्षेत्र में सरेआम चाकूबाजी हुई, एक युवक की हत्या हो गई, उनसे जेवरात लूट लिए गए। बिन्द्रानवागढ़ के देवभोग में महिला समेत परिवार के चार सदस्यों पर धारदार ब्लेड से हमला कर दिया, महिला की गर्दन पकड़ कर ब्लेड चला दिया गया जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई, मौके पर मौजूद उनके दोनों बेटे और पति गंभीर रूप से घायल हैं।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद 1 दर्जन से अधिक लोगों की गोली मारकर हत्या हुई। अकेले राजधानी में 8 गोली कांड हुआ, बिलासपुर, कोटमी-पेण्ड्रा गौरेला, दुर्ग में, राजधानी रायपुर में, मस्तुरी, जांजगीर-चांपा, जशपुर, कवर्धा में लोगों को सरेआम गोली मार कर हत्या हुई। राजधानी के हीरापुर में सरेआम बम से हमला होता है। राजधानी के बिरगांव में बम बनाया जा रहा था।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि जब से छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार आई है, अपराध लगातार बढ़ रहे हैं, अपराधियों में कानून और पुलिस का खौफ खत्म होने लगा है। भाजपा के विधायक, अधिकारियों के साथ मारपीट कर रहे है। भाजपा के सीतापुर विधायक टोप्पो, तहसीलदार के साथ मारपीट करता है। भाजयुमो के नेता, पुलिस का कालर पकड़ते है। यह सरकार, पुलिस और प्रशासन का दुरुपयोग राजनैतिक विद्वेष को पूरा करने, विपक्षी दल के नेताओं को प्रताड़ित करने में कर रही है, अपराध रोकना इस सरकार की प्राथमिकता में है ही नहीं। भाजपा षडयंत्र रचती है, पुलिस और प्रशासन उस पर अमल करके दमन करती है।
पत्रकार वार्ता में वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजेन्द्र तिवारी, पूर्व राष्ट्रीय सचिव विकास उपाध्याय, प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला, महामंत्री सीमा वर्मा, प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर, प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता सुरेन्द्र वर्मा, प्रवक्ता सत्यप्रकाश सिंह, ऋषभ चंद्राकर उपस्थित थे।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts