छत्तीसगढ़रायपुर

मैट्स विश्वविद्यालय में एजेंटिक एआई पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित

रायपुर (विश्व परिवार)। मैट्स विश्वविद्यालय, आरंग स्थित मैट्स स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (एमएसईआईटी) के कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग द्वारा संकाय सदस्यों एवं विद्यार्थियों के लिए एजेंटिक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एजेंटिक एआई) विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला के संसाधन व्यक्ति डॉ. अमर शुक्ला, एसोसिएट प्रोफेसर, आईआईएलएम विश्वविद्यालय, गुरुग्राम रहे। उन्होंने अपने व्याख्यान एवं प्रदर्शन सत्र के दौरान एजेंटिक एआई की अवधारणा, संरचना, कार्यप्रणाली, अनुप्रयोगों तथा भविष्य की संभावनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने स्वायत्त निर्णय-निर्माण, कार्यप्रवाह स्वचालन तथा एआई एजेंट्स के वास्तविक जीवन में बढ़ते उपयोग को व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से समझाया।
कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में कुलपति प्रो. (डॉ.) के. पी. यादव ने विद्यार्थियों को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप कृत्रिम बुद्धिमत्ता से संबंधित कौशल विकसित करने के लिए प्रेरित किया। निदेशक डॉ. बृजेश पटेल ने विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी कार्यशालाएँ विद्यार्थियों को नवीनतम तकनीकों से जोड़ने तथा उन्हें उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
विभागाध्यक्ष डॉ. अभिषेक गुरु के नेतृत्व में तथा डॉ. अराधना कुमारी सिंह एवं अन्य संकाय सदस्यों के सहयोग से आयोजित इस कार्यशाला में एजेंटिक एआई फ्रेमवर्क, प्रॉम्प्ट इंजीनियरिंग तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, वित्त, साइबर सुरक्षा और सॉफ्टवेयर विकास जैसे विभिन्न क्षेत्रों में एजेंटिक एआई के अनुप्रयोगों पर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों ने हैंड्स-ऑन सत्र के माध्यम से आधुनिक एआई टूल्स का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्राप्त किया।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। कार्यशाला में बड़ी संख्या में संकाय सदस्यों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर नई तकनीकों का व्यावहारिक ज्ञान अर्जित किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts